खुली बोली से पंचायत को हर माह मिलेगी 39,800 रुपये की नियमित आय, दूसरी मंजिल पर भी दुकानें बनाने की योजना
बद्दी: दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने आज ग्राम पंचायत किशनपुरा में पंचायत द्वारा लगभग 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सात दुकानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि अपनी आय के स्थायी स्रोत विकसित करने की दिशा में पंचायत की यह पहल सराहनीय है।
विधायक ने कहा कि पंचायत द्वारा इन दुकानों का आवंटन खुली बोली के माध्यम से किया गया है। उच्चतम बोली के आधार पर सातों दुकानों से पंचायत को प्रतिमाह कुल 39 हजार 800 रुपये की नियमित आय प्राप्त होगी। इससे पंचायत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन भी जुटा सकेगी।
उन्होंने बताया कि पंचायत की भविष्य में इन दुकानों की दूसरी मंजिल का निर्माण करवाकर वहां भी दुकानें तैयार करने की योजना है। इससे पंचायत की आय में और वृद्धि होगी तथा छोटे-छोटे विकास कार्यों को स्थानीय स्तर पर गति मिल सकेगी। विधायक ने क्षेत्र की अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से भी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आय के नए स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।
खुली बोली में प्राप्त उच्चतम मासिक किराये के आधार पर दुकानों का आवंटन किया गया। इसमें पहली दुकान अशोक कुमार को 7,450 रुपये, दूसरी तरसेम को 6,800 रुपये, तीसरी रामप्यारे को 5,200 रुपये, चौथी रामपाल को 5,500 रुपये, पांचवीं गुलाब दास को 5,400 रुपये, छठी सुरेंद्र शर्मा को 5,400 रुपये तथा सातवीं दुकान सोनू को 4,050 रुपये मासिक किराये पर आवंटित की गई है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत किशनपुरा के प्रधान मेला राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
