चंडीगढ़: पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में लॉटरी संचालन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता चरनजीत सिंह चन्नी के हालिया बयानों का कड़ा खंडन करते हुए उनके दावों को निराधार, भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने का हताश प्रयास करार दिया।
विस्तृत तथ्य एवं आंकड़े जारी करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “ये आंकड़े पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए गंभीर वित्तीय कुप्रबंधन को उजागर करते हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल में हासिल हुई अभूतपूर्व पारदर्शिता और राजस्व वृद्धि को भी दर्शाते हैं।”
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा, “इसके अतिरिक्त, राज्य ने लॉटरी से जीएसटी संग्रह में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की है, जो वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लगभग तीन गुना हो गया है। यह संग्रह वित्त वर्ष 2021-22 के 32.77 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 93.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर 2026 तक जीएसटी संग्रह 59.43 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।”
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पूर्व मुख्यमंत्री को सार्वजनिक बयान देने से पहले तथ्यों की जांच करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “यह बेहद आश्चर्यजनक है कि जिन नेताओं ने वित्तीय ठहराव और व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के दौर का नेतृत्व किया, वे आज उस सरकार पर सवाल उठा रहे हैं जिसने राज्य के राजस्व में लगातार कई गुना वृद्धि दर्ज की है। ‘आप’ सरकार पूरे पंजाब में जनकल्याण और विकास परियोजनाओं के लिए धन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य के राजस्व को अधिकतम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
