बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी गश्त, एसपी सचिन हिरेमठ ने अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
ऊना: दीपावली पर्व के मद्देनजर जिला ऊना में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने कमर कस ली है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इसके तहत जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 51 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ (भा.पु.से.) ने मंगलवार को जिला के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को दीपावली के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसपी ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी उचित प्रबंध करने को कहा।
दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस थाना सदर ऊना, मैहतपुर तथा पुलिस चौकी संतोषगढ़ के क्षेत्रों में 51 अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। ये जवान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने के साथ-साथ यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। साथ ही कानून एवं यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
