चंडीगढ़: कर्मचारी मुद्दों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन के रूप में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज 6 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इन बैठकों के दौरान कर्मचारियों की लंबित मांगों और उनके सामने आ रही कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने संबंधित प्रशासनिक विभागों को सभी जायज़ मांगों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए।

कर्मचारी कल्याण के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यूनियन प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया, “राज्य सरकार आपके मुद्दों के समाधान के लिए पहले से ही सहानुभूति और सद्भावना के साथ काम कर रही है।”

वित्त मंत्री ने एसोसिएट प्री-प्राइमरी टीचर यूनियन पंजाब, स्पेशल कैडर टीचर फ्रंट पंजाब और फॉरेस्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत की और उनके मांग-पत्र प्राप्त किए। इसके अलावा उन्होंने आम आदमी क्लीनिक साझा फ्रंट पंजाब, आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन पंजाब और पंजाब पुलिस कोरोना वॉरियर्स के प्रतिनिधियों की मांगें भी ध्यानपूर्वक सुनीं।
