ऊना: राजकीय महाविद्यालय ऊना में 19–20 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी की तैयारियों एवं आयोजन संबंधी कार्यों की समीक्षा के लिए महाविद्यालय की संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संगोष्ठी की शैक्षणिक रूपरेखा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविदों तथा शोधकर्ताओं की सहभागिता, शोधपत्रों की समीक्षा एवं प्रस्तुति, तकनीकी प्रबंधन, विभिन्न शैक्षणिक सत्रों का संचालन, प्रतिभागियों का पंजीकरण तथा अतिथि सत्कार सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। संगोष्ठी के संयोजक डॉ. शाम सिंह बैंस ने आयोजन की प्रगति, प्राप्त शोधपत्रों, प्रतिभागियों की भागीदारी तथा आयोजन समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
सह-संयोजक डॉ. विपुल कुमार गौतम ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर आयोजन सचिव मनजीत सिंह, डॉ. वरुण धीमान एवं विकास सैनी सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा ने सभी सदस्यों को आपसी समन्वय एवं सामूहिक जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, सुव्यवस्थित कार्यक्रम संचालन, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संगोष्ठियां अनुसंधान, नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगोष्ठी को गुणवत्तापूर्ण, प्रभावशाली एवं सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
