फिरोजपुरः जिले में लूट की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। आए दिन लूटपाट और स्नेचिंग की घटनाएं सामने आ रही है। भले ही पुलिस स्नैचरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं आज एक और ऐसा मामला सामने आया, जहां मोटरसाइकिल सवार दो झपटमार एक महिला की बालियां झपट कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और इलाके में कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिसके बाद कुछ ही घंटों में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने और कौन सी वारदातों को अंजाम दिया है और क्या इस मामले में उनका कोई और साथी भी शामिल है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
