ऊना। जिला मुख्यालय ऊना स्थित स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की होनहार हॉकी खिलाड़ी नव्या ठाकुर ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नव्या का चयन राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही नव्या ने न केवल अपने स्कूल, बल्कि जिला ऊना का नाम भी रोशन किया है। प्रदेश की टीम में जगह बनाने के लिए नव्या ने कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलने से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और साथी विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।
नव्या ठाकुर ने हाल ही में मंडी जिला के हटगढ़ में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें जिला स्तरीय टीम की ओर से हॉकी प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला। नव्या ने इस मौके का पूरा लाभ उठाते हुए मैदान में बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन ने प्रदेश स्तरीय चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया, जिसके चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम में जगह मिली है।
स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने नव्या ठाकुर की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना किसी भी खिलाड़ी के लिए गौरव की बात है। नव्या ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव्या राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश और स्कूल का नाम रोशन करेंगी। स्कूल की निदेशक अदिति शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल के खेल प्रशिक्षकों संजू शर्मा, आंचल, रेणुका, मनु बिंद्रा और नव्या के हॉकी कोच के मार्गदर्शन और मेहनत को भी दिया। खेल प्रशिक्षकों के निरंतर प्रयासों से विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं।
