50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में मंडी के खिलाड़ी को पटकनी देकर जीता स्वर्ण पदक
बददी: जिला शिमला के चौपाल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में हमीरपुर पब्लिक स्कूल के छात्र आहिल शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 किलोग्राम भार वर्ग में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों से छात्र वर्ग के 96 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में आहिल का सामना मंडी जिले के खिलाड़ी से हुआ, जिसे उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटखनी देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि के आधार पर आहिल का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह 14 से 18 दिसंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। आहिल को खेल की प्रेरणा परिवार से मिली है।
उनके पिता अनूप शर्मा स्वयं जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। पिता ही आहिल के मार्गदर्शक और प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें नियमित अभ्यास करवाते हैं। उनकी माता गृहिणी हैं। आहिल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, पिता के मार्गदर्शन और स्कूल के अध्यापकों को दिया। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने से स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।
