टोरंटोः कनाडा में इमिग्रेशन और नागरिकता के नाम पर लोगों को गुमराह करने तथा धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाया है। नए नियमों के तहत बिना अधिकृत अनुमति के पैसे लेकर इमिग्रेशन संबंधी सलाह देने, गलत जानकारी उपलब्ध कराने या आवेदकों को फर्जी दस्तावेज जमा कराने में मदद करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसे मामलों में कुल जुर्माने की राशि 15 लाख कनाडाई डॉलर तक पहुंच सकती है।
इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) के अनुसार नए प्रावधान 28 अक्टूबर से लागू हो चुके हैं। इनका उद्देश्य कनाडा में बसने या नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया में आवेदकों को धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण और गलत मार्गदर्शन से बचाना है। नियमों के दायरे में लाइसेंस प्राप्त इमिग्रेशन सलाहकार, वकील और अन्य अधिकृत प्रतिनिधि भी आएंगे। इसके अलावा बिना जरूरी अनुमति के पैसे लेकर ऐसी सेवाएं देने वाले लोगों पर भी कार्रवाई होगी।
नए नियमों के तहत बिना अधिकृत अनुमति के पैसे लेकर इमिग्रेशन या नागरिकता संबंधी सलाह देने अथवा प्रतिनिधित्व करने पर 5,000 कनाडाई डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, जानबूझकर किसी आवेदक की ओर से गलत या भ्रामक जानकारी देने अथवा ऐसी जानकारी जमा कराने में मदद करने पर 15,000 कनाडाई डॉलर तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
यदि गलत या भ्रामक जानकारी के आधार पर किसी आवेदक का आवेदन मंजूर हो जाता है तो अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर दंड की राशि बढ़ेगी। सभी उल्लंघनों को मिलाकर अधिकतम जुर्माना 15 लाख कनाडाई डॉलर तक हो सकता है।
कनाडा सरकार ने इस व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए एक ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत जुर्माना झेलने वाले लोगों के नाम और उनके उल्लंघनों का विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। उम्मीद है कि पहला जुर्माना लगाए जाने के बाद वर्ष 2027 में यह रजिस्ट्री शुरू हो जाएगी।
इससे कनाडा में स्थायी रूप से बसने या नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले लोग किसी इमिग्रेशन सलाहकार या प्रतिनिधि की सेवाएं लेने से पहले उसका रिकॉर्ड जांच सकेंगे। सरकार ने आवेदकों को सलाह दी है कि किसी भी प्रतिनिधि को काम सौंपने या भुगतान करने से पहले उसकी अधिकृत स्थिति की पुष्टि जरूर करें। इसके लिए IRCC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों की मदद ली जा सकती है।
