भुवनेश्वरः ओडिशा के कोरापुट जिले में सब्जी को लेकर घरेलू विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। शुक्रवार को हुई घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय कविता सौंत के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति का नाम रबा सौंत बताया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये घटना कोरापुट जिले के दशमंतपुर थाना क्षेत्र के पदुगुड़ा गांव की है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी।
मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद रबा सौंत ने सो रही अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कविता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद कोरापुट के एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। वैज्ञानिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि हत्या से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
वहीं पुलिस ने आरोपित पति रबा सौंत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामूली घरेलू विवाद के बाद हत्या की नौबत कैसे आई। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
