बेंगलुरु: कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। ये नए रेट एक नवंबर से लागू होंगे। कर्नाटक के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि इस बढ़ोतरी के बाद 8 में से सात रुपये सीधे डेरी किसानों के खाते में जाएंगे। एक रुपये कर्नाटक मिल्क फेडरेशन के खाते में जाएगा। वहीं, दूध की कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी के बाद नंदिनी के टोन्ड दूध की कीमत 46 रुपये से बढ़कर 54 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
मीटिंग खत्म होने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कर्नाटक के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि 8 रुपये की इस बढ़ोतरी में से 7 रुपये डेयरी किसानों को दिए जाएंगे और 1 रुपया दूध यूनियनों को मिलेगा।
राज्य के दूध यूनियनों ने कीमतों में बदलाव की मांग की थी। उन्होंने इसके पीछे पशुओं के आहार, चारे, दवाओं, परिवहन और दूध की प्लास्टिक पैकेजिंग की बढ़ती लागत के साथ ही, सूखे के कारण चारे की कमी का हवाला दिया था।
आपको बताते चलें कि कर्नाटक कैबिनेट ने 6 अक्टूबर को ही दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी थी। लेकिन विधान परिषद चुनावों के कारण लागू आदर्श आचार संहिता की वजह से इसकी घोषणा में देरी से की गई है।
मीडिया को जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य के लगभग 10 लाख किसान परिवार अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए डेयरी फार्मिंग पर निर्भर हैं। इनमें से कई परिवार घर के खर्च और चिकित्सा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए डेयरी से होने वाली कमाई पर निर्भर रहते हैं। जिस वजह से ये फैसला लिया गया है।
