चंडीगढ़/पटियाला: पंजाब के मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान और बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद के नेतृत्व में पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने अक्टूबर 2026 की मासिक इनोवेशन प्रतियोगिता के दौरान चयनित नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दिशा में चयनित विचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने, उनकी प्रगति की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के लिए समर्पित टीम लीडर नियुक्त किए गए हैं।
प्रतियोगिता के दौरान पीएसपीसीएल ने कर्मचारियों के नवाचारपूर्ण विचारों को मान्यता देते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया। इन विचारों का मुख्य उद्देश्य संगठन की कार्यक्षमता में सुधार करना, कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना तथा उपभोक्ताओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है। प्रशंसा-पत्र प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के अतिरिक्त सात अन्य प्रतिभागियों को भी अपने-अपने विचारों के क्रियान्वयन के लिए टीम लीडर नियुक्त किया गया है। इन पहलों को धरातल पर उतारने के लिए पीएसपीसीएल ने एक व्यवस्थित कार्यान्वयन ढांचा तैयार किया है।
ये टीम लीडर अपने-अपने प्रोजेक्टों की योजना बनाने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा चयनित विचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिम्मेदार होंगे। संबंधित विभागाध्यक्ष (एचओडी) इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध करवाएंगे। वहीं, नियुक्त टीम लीडर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और अपेक्षित परिणाम हासिल करने की प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगे।
