पंचकूलाः चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा संपत्ति बरामद करने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा शुरु किए गए ऑपरेशन हंटडाउन के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-1 पंचकूला की टीम ने थाना रायपुररानी में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय यादव उर्फ अरुण को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार यमुनानगर निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 22 अक्टूबर 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने साले से मिलने के लिए निकला था। रायपुररानी पहुंचने पर वह बस स्टैंड के सामने कुछ सामान लेने के लिए रुका और अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर सामान लेने चला गया। मोटरसाइकिल की चाबी भी उसमें लगी रह गई थी। करीब 15 से 20 मिनट बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना रायपुररानी में 22 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
25 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-1 पंचकूला की टीम ने इन्चार्ज मनोज की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय यादव उर्फ अरुण, उम्र 27 वर्ष, निवासी जिला अमेठी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पहले भी 3 चोरी के मामलें दर्ज है। आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
साथ ही आमजन से अपील करते हुए कहा है की अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, वाहन से उतरते समय चाबी निकालना न भूलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।