पूर्व विधायक की पत्नी अंजना रायज़ादा ने किया आयोजन, महिलाओं को वितरित किया सुहाग का सामान
ऊना: करवा चौथ के पावन पर्व के उपलक्ष्य में ऊना के रायजादा रिसोर्ट में पूर्व विधायक की पत्नी अंजना रायज़ादा की ओर से करवा चौथ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर मेहंदी लगवाई, चूड़ियां पहनीं और करवा चौथ के पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर महिलाओं को चूड़ियां और सुहाग से जुड़ा अन्य सामान भी वितरित किया गया।
समारोह में उस समय खास रौनक देखने को मिली, जब डीजे की धुनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। पारंपरिक परिधान और उत्साह से सराबोर महिलाओं ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में करवा चौथ की परंपरा, आपसी मेल-मिलाप और उत्सव का रंग देखने को मिला।इस अवसर पर अंजना रायज़ादा ने कहा कि करवा चौथ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सहभागिता बढ़ाना और उन्हें एक-दूसरे से मिलने-जुलने का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गृहिणियां दिनभर घर और परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती हैं। ऐसे कार्यक्रम उनके लिए घर से बाहर निकलकर अपनी खुशियां साझा करने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का महत्वपूर्ण अवसर बनते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं के बीच आपसी भाईचारे, प्रेम और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं। समारोह के माध्यम से महिलाओं को करवा चौथ के पारंपरिक सोलह शृंगार से जुड़ा सामान वितरित कर पर्व की खुशियों को साझा किया गया।समारोह में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। करवा चौथ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने परंपरा और सामाजिक मेल-मिलाप का सुंदर संदेश दिया।