जालंधर: कुल्हड़ पिज्जा कपल सहज की सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर ब्रेन ट्यूमर होने की चल रही खबरों को उनके भाई ने अफवाह बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहज को ब्रेन ट्यूमर नहीं, बल्कि पेट में तेज दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में अपेंडिक्स की गंभीर समस्या सामने आई, जबकि आंतों के पास ट्यूमर होने की आशंका जताई गई है। सहज के भाई के अनुसार दो दिन पहले उनके पेट में अचानक तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने ब्लड टेस्ट और पेट का सीटी स्कैन करवाया। जांच रिपोर्ट के आधार पर अपेंडिक्स की गंभीर समस्या का पता चला। जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला लिया। डॉक्टरों ने सहज का अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया, जो सफल रहा। हालांकि, जांच के दौरान आंतों के पास ट्यूमर होने की आशंका भी सामने आई है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन के तुरंत बाद अन्य जरूरी जांच कराना संभव नहीं था। सहज की हालत स्थिर होने के बाद ही आगे के टेस्ट किए जाएंगे। डॉक्टरों का कहना है कि सहज को पूरी तरह स्थिर होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। इसके बाद ट्यूमर की आशंका से संबंधित जांच की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सहज के भाई ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। वहीं भाई के लिए लोगों से जल्द ठीक होने की अरदास भी की।