जैतो। जैतो के सीनियर सैकेंडरी स्कूल के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्र की जान चली गई। वीरवार सुबह पिंड उकंद वाला निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र जसवीर सिंह अपने 2 साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रहा था।
जब वे हॉस्पिटल रोड से गुजर रहे थे, तभी रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के पास पहुंचते ही सड़क पर खड़ी एक कार का दरवाजा अचानक खुल गया जिससे टकराकर हरजिंदर उछलकर सड़क पर जा गिरा और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के टायर के नीचे आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही सहारा क्लब की टीम एंबुलैंस लेकर तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान बच्चे को सिविल अस्पताल जैतो पहुंचाया।
गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मैडीकल कॉलेज रैफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे सिविल अस्पताल बठिंडा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहारा टीम ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इस हादसे की खबर मिलते ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई और तुरंत छुट्टी कर दी गई।