चण्डीगढ: हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में केंद्र और हरियाणा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधानसभा क्षेत्र पलवल में विकास कार्यों को गति देते हुए हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता तथा उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को लगभग 4 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में सडक़ों एवं गलियों का निर्माण, नालियों का निर्माण, चौपालों का विकास, जोहड़ों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था तथा श्मशान घाट का जीर्णोद्धार शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से आमजन को बेहतर सडक़ें, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने गांव बंचारी में भगवान परशुराम भवन के निर्माण के लिए अपने निजी कोष से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की शिक्षाओं और आदर्शों को आत्मसात करके ही समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
