चंडीगढ़: हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के प्रयासों से लोहारू कैनाल की टेल तक पानी पहुंच गया है। किसानों की सिंचाई संबंधी समस्या की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए थे। इसके फलस्वरूप विभाग ने आवश्यक कदम उठाते हुए नहर की टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया।
उल्लेखनीय है कि लोहारू कैनाल में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण कुशलपुरा सहित विभिन्न गांवों के किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या उठाई थी और खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की थी।
किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को जलापूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप नहर की टेल तक पानी पहुंच गया है।
