स्वच्छता अभियानके तहत झाड़माजरी में चलाया सफाई अभियान
बरोटीवाला,सचिन बैंसल: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वीरवार को नगर निगम बद्दी की टीम ने वार्ड नंबर 12 झाड़माजरी में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान ओलंपिक चौक से झाड़माजरी बस स्टैंड तक सफाई की गई। अभियान में करीब 20 से 25 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया, जबकि कूड़ा उठाने के लिए दो ट्रैक्टरों का इस्तेमाल किया गया। सफाई की जिम्मेदारी टारगेट ग्रीन जोन को सौंपी गई थी।
नगर निगम की आयुक्त विवेक चंदेल ने बताया कि क्षेत्र में पिछले एक माह से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न वार्डों में कूड़े के हॉटस्पॉट साफ किए गए। अभियान 17 अक्तूबर को संपन्न होगा। बुधवार को बिलांवाली गांव में एक हॉटस्पॉट की सफाई करने के बाद वहां पौधरोपण भी किया गया, ताकि लोग दोबारा कूड़ा न फेंकें।
आयुक्त ने लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने वाला वाहन किसी दिन नहीं पहुंचता है तो लोग कचरा खुले में डालने के बजाय अपने पास सुरक्षित रखें और अगले दिन कर्मचारी के आने पर ही सौंपें। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने का भी आग्रह किया, ताकि सफाई कर्मचारियों को कचरे के निस्तारण में परेशानी न हो। अभियान के दौरान कम्युनिटी स्वच्छता ऑर्गेनाइजर एकता राणा, स्वच्छता पर्यवेक्षक रंजना देवी, सुनील कुमार मिंटू, टारगेट ग्रीन जोन के अध्यक्ष सौरभ ठाकुर और स्वच्छता मित्र मौजूद रहे।
