विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सेंट बीर्स स्कूल, प्राथमिकताओं में शामिल : दिव्या राणा
बददी,सचिन बैंसल: हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश एवं सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल, बद्दी के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में स्काउटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है।
इस अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के चेयरमैन राजेश दलाल ने बतौर मुख्य अतिथि तथा सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल के फाउंडर चेयरमैन कुलबीर सिंह राणा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विद्यालय की प्रिंसिपल दिव्या राणा तथा वाइस प्रिंसिपल नैन्सी हांडा ने कार्यक्रम में आए सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत किया।राजेश दलाल, चेयरमैन, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और स्काउटिंग उसे पहचानने तथा निखारने का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ की भावना के अनुरूप प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने, आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और समाज की सेवा करने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्काउटिंग के आदर्शों को विद्यार्थियों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।वहीं कुलबीर सिंह राणा, फाउंडर चेयरमैन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कारों से युक्त, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना भी है। स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या दिव्या राणा ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्य, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करना भी आवश्यक है। स्कूल की वाइस प्रिंसिपल नैन्सी हांडा ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को टीम भावना, सहयोग, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का महत्व सिखाती है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर देते हैं। इस अवसर पर सुश्री नैंसी हांडा को स्टेट ज्वाइंट कमिश्नर गाइड्स मनोनीत किया गया।
इस मौके पर सुनीता बिष्ट, सपना ठाकुर, शैलजा सेठी, भारती वर्मा, रिया पसरीचा, सोनाली रॉयल, खुशी, रितिका राजपूत, अंजुम शाहीना व अन्य ने भाग लिया।
