होशियारपुर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 154 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए, जिससे राज्य में क्लीनिकों की कुल संख्या 1,244 हो गई है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता नारों की राजनीति करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और रोजगार प्रदान करना है।

चब्बेवाल के गांव हरखोवाल में विशाल सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्लीनिकों में 6.48 करोड़ से अधिक ओ.पी.डी. और 54.20 लाख परिवारों के लिए 10 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य योजना का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों को सचेत किया कि सरकार बदलने से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और सत्कार योजना सहित अन्य कल्याणकारी पहलों पर खतरा मंडरा सकता है।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज हमने पंजाब के लोगों को 154 और आम आदमी क्लीनिक समर्पित किए हैं, जिससे इन क्लीनिकों की कुल संख्या 1,244 हो गई है। नए समर्पित किए गए क्लीनिकों में से 36 अमृतसर में, 26 पटियाला में, 17 लुधियाना में, 12 गुरदासपुर में, 11 जालंधर में और 10 साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) जिले में हैं, इसके अलावा बाकी जिलों में भी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। ये क्लीनिक 107 दवाइयां और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराते हैं ताकि लोगों को बिना किसी वित्तीय कठिनाई के जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”

पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 5,388 नौकरियां दी हैं। साल 2022 से लेकर अब तक की भर्ती में 1,458 मेडिकल अफसर, 271 स्पेशलिस्ट डॉक्टर, 1,079 नर्सें और 1,352 मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर शामिल हैं। ये नियुक्तियां सरकार द्वारा स्वास्थ्य स्टाफ बढ़ाने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की स्थिति सुधारने के प्रयासों का हिस्सा हैं।
