होशियारपुरः मुकेरियां में सिविल अस्पताल चौक के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पठानकोट की तरफ से आ रहा रेत से भरा एक टिप्पर अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। इस दौरान वहां मौजूद एक महिला टिप्पर के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रेत से भरा टिप्पर पठानकोट की तरफ से आ रहा था और दसूहा की ओर जा रहा था।
जब टिप्पर मुकेरियां के सिविल अस्पताल चौक के पास पहुंचा तो अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मुलाजिम मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए टिप्पर को सीधा किया गया और उसके नीचे दबी महिला को बाहर निकाला गया। महिला के शव को सिविल अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
मौके पर पहुंचे एएसआई चरणजीत सिंह ने बताया कि हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से टिप्पर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद नेशनल हाईवे को यातायात के लिए साफ कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रेत से भरा टिप्पर असंतुलित होकर पलटा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
