मुरादाबादः रेलवे स्टेशन के गेट संख्या दो के सामने देर रात 11.30 बजे दास और विक्रम गेस्ट हाउस में भीषण आग लग गई। दोनों गेस्ट हाउस में ठहरे 10 लोगों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई लेकिन सामान सभी का जल गया। हाईवे किनारे स्थित गेस्ट हाउस से उठती लपटों को देख ट्रैफिक रोक दिया गया। दमकल की छह गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग की शुरुआत गेस्ट हाउस के भूतल पर चल रहे पीसीओ में शॉर्ट सर्किट से हुई। देखते-देखते पहली मंजिल के हॉल तक आग पहुंच गई।
आग का विकराल रूप देख आसपास की दुकानों को खाली कराना पड़ा। रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे किनारे पहली मंजिल पर दास गेस्ट हाउस है। इसमें एक बड़ा हॉल है, जिसमें पांच बेड हैं। यहां लोग ठहरते हैं। नीचे एक पीसीओ है और उसी में मोबाइल पार्ट्स की बिक्री होती है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में जो पता चला है उसके मुताबिक पीसीओ में शॉट सर्किट हुआ है और आग फैल गई। पहले दास गेस्ट हाउस तक आग पहुंची और फिर बगल में विक्रम बिस्तर सप्लायर (गेस्ट हाउस) तक फैल गई।
इन दोनों गेस्ट हाउस में 5-5 लोग ठहरे हुए थे जो हॉल तक आग पहुंचने से पहले ही निकलकर बाहर आ गए। कुछ ही देर में दोनों गेस्ट हाउस धू-धूकर जलने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई। आसपास की सभी दुकानों को भी खाली करा लिया गया था। दमकल की 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया। स्थिति यह रही कि रेलवे स्टेशन से पीएसी तिराहे तक और दूसरी ओर डबल फाटक तक लंबा जाम लग गया। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन गेस्ट हाउस का सभी सामान जलकर राख हो गया। पुलिस का कहना है कि आग से कितने का नुकसान हुआ, अभी इसका आकलन बाकी है।
