गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा में बाईपास चौकी से करीब 200 मीटर दूर स्थित शिव मंदिर में एक महिला पर ग्राइंडर से शिवलिंग को काटने का आरोप लगा है। मंदिर के भीतर से ग्राइंडर चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला सामान छोड़कर फरार हो गई। बुधवार देर रात करीब 2 बजे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मंदिर के पास जुट गए और हंगामा हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जांच शुरू की। पुलिस ने फिलहाल मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे एक महिला ने एक किशोरी को मंदिर की बाउंड्री वॉल से कूदते हुए देखा था। महिला ने किशोरी से इस बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मंदिर में पूजा करने के लिए गई थी। इसी दौरान मंदिर बंद कर दिया गया। इसके बाद वह बाउंड्री वॉल कूदकर बाहर निकल रही थी। युवती के बाहर निकलने के बाद मंदिर में शिवलिंग को नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिवलिंग को ग्राइंडर से काटने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी फैलते ही मंदिर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी ने बताया कि घटना के बाद मंदिर में नया शिवलिंग स्थापित करा दिया गया है और इलाके में शांति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना के समय मंदिर और आसपास मौजूद लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
