लखनऊः लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में बने लेबर कैंप में मंगलवार सुबह आग लग जाने की घटना सामने आई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग जल गई और धुआं 2 किमी दूर तक दिखाई दिया।
Airport परिसर के लेबर कैंप में आग, 2 किमी दूर से धुआं दिखा
#AirportFire #FireIncident #LabourCamp #FireNews https://t.co/MLW76aXd9X— Encounter News (@encounternews2) October 6, 2026
इस दौरान तुरंत फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह टर्मिनल से करीब 250-300 मीटर दूर है। इसे मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी तौर पर पीवीसी यानी प्लास्टिक से बनाया गया था।
यही वजह थी कि आग बहुत तेजी से फैली। हालांकि, इस हादसे से विमानों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। किसी के हताहत होने की भी सूचना नहीं है। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। एयरपोर्ट परिसर की इस बिल्डिंग में 33 छोटे कमरे हैं। इसमें करीब 300 मजदूर रहते हैं। वे परिसर में एक होटल का निर्माण कर रहे हैं।
रामपाल ने बताया कि मैं नाइट ड्यूटी के बाद सो रहा था। इसी दौरान नीचे वाले फ्लोर पर आग लग गई। देखते ही देखते 15 कमरे जल गए। मैं ऊपर वाले कमरे में था, इसलिए किसी तरह जान बच गई। आग में कपड़े और पैसे जलकर राख हो गए। मूलचंद ने बताया कि मैं एक हफ्ते से यहां काम कर रहा हूं। रात 3 बजे तक ड्यूटी की, फिर जाकर सो गया। जिसके बाद शोर हुआ तो पता चला कि आग लग गई है।
