पठानकोटः जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस पार्टी ने सुजानपुर में नाकाबंदी के दौरान एक फोर व्हीलर से दो बैल बरामद कर एक गौ तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते सुजानपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि एएसआई नरेश कुमार पुलिस पार्टी के साथ सुजानपुर के श्मशानघाट के पास टी-प्वाइंट पर रूटीन नाकाबंदी पर तैनात थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि सुजानपुर निवासी अश्वनी कुमार अपनी गाड़ी में गौवंश को छिपाकर तस्करी के जरिए जम्मू-कश्मीर ले जाने की फिराक में है, जहां उनकी गोकशी की जानी थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जब संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली, तो उसमें से 2 बैल बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत आरोपी को वाहन सहित हिरासत में ले लिया और दोनों बैलों को मुक्त कराया।
पुलिस ने आरोपी अश्वनी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से पड़ताल की जा रही है। इसमें शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी काफी समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था। वह अपनी हिंदू पहचान का फायदा उठाता था ताकि किसी को उस पर गौ तस्करी का शक न हो। इसी आड़ में वह लगातार मवेशियों की अवैध तस्करी को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
