चंडीगढ़: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के लिए जमीन जुटाना अक्सर बड़ी चुनौती होती है, लेकिन हरियाणा ने तकनीक के जरिए इस प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
मंत्री रणबीर गंगवा सोमवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर ‘गतिशक्ति से प्रगति’ में पहले दिन ‘एक्सीलरेटिंग लैंड एक्विजिशन एंड लीवरेजिंग भूमि राशि’ विषय पर बोलते हुए प्रदेश के ई-भूमि मॉडल का अनुभव साझा किया।
गंगवा ने कहा कि किसी भी सड़क परियोजना की सफलता के लिए सिर्फ पैसा और निर्माण एजेंसी ही जरूरी नहीं, बल्कि समय पर जमीन उपलब्ध होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हरियाणा में ई-भूमि व्यवस्था के जरिए जमीन की जरूरत तय करने से लेकर जमीन मालिकों से प्रस्ताव लेने और आगे की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा रहा है।
गंगवा ने कहा कि व्यवस्था का मकसद जमीन मालिक और सरकार के बीच प्रक्रिया को सरल बनाना है। पारदर्शी व्यवस्था से जमीन खरीद को लेकर स्पष्टता रहती है और परियोजनाओं के लिए जरूरी जमीन समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
चिंतन शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत किया। इस दौरान हरियाणा में सड़क विकास और परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
