ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा की महिला वॉलीबॉल टीम को आगामी अंतर महाविद्यालय राज्य स्तरीय वॉलीबॉल महिला वर्ग प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर, सावरा, जिला शिमला में किया जाएगा।इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है।स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. सिकंदर नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरे समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरें तथा अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन करें।टीम मैनेजर प्रो. निकिता गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर टीम ने पूरी तैयारी की है। खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी तकनीक, फिटनेस और टीम समन्वय पर विशेष ध्यान दिया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीम पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा, स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. सिकंदर नेगी, खेल विभाग के सदस्य डॉ. विनोद कुमार, डॉ. किरण ठाकुर तथा टीम मैनेजर प्रो. निकिता गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ ने महिला वॉलीबॉल टीम को आगामी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सफल प्रतियोगिता की कामना की।
