पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल (GSSS) में 12वीं के छात्र से मारपीट, जातिसूचक शब्द बोलने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। जलौली के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। 17 सितंबर 2026 को अंग्रेजी पढ़ाने वाली टीचर बबली वर्मा कक्षा में पढ़ाई कराने के बजाय मोबाइल चला रही थीं। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो स्टूडेंट की पिटाई की गई। आरोप है कि शिक्षिका ने फोन कर छात्र के पिता को स्कूल बुलाया। जब कर्म सिंह स्कूल पहुंचे तो मैडम ने वहां जमकर हंगामा किया और उन्हें जातिसूचक शब्द कहे। वहीं पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शिक्षिका और उसके भाई के खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव सुल्तानपुर निवासी कर्म सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा जलौली के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। 17 सितंबर 2026 को अंग्रेजी पढ़ाने वाली टीचर बबली वर्मा कक्षा में पढ़ाई कराने के बजाय मोबाइल चला रही थीं। जब छात्र ने इसका विरोध किया या बात सामने आई, तो मैडम आपा खो बैठीं। उन्होंने गुरदीप के साथ मारपीट की और उसके परिवार को अनाप-शनाप बोला।
क्लास के अन्य बच्चों ने भी परिजनों को बताया कि गुरदीप का कोई कसूर नहीं था, मैडम खुद क्लास में फोन चला रही थीं। परिजनों ने इसकी शिकायत प्रिंसिपल और स्कूल स्टाफ से भी की। मामला यही नहीं थमा। 18 सितंबर 2026 की रात करीब 11:38 बजे कर्म सिंह के मोबाइल पर अरविंद वर्मा नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को शिक्षिका बबली वर्मा का भाई बताते हुए जमकर गालियां दीं।
आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसकी बहन को कुछ भी हुआ, तो वह पूरे परिवार और बच्चों को जान से मार देगा। बरवाला पुलिस चौकी के जांच अधिकारी ने शिक्षिका बबली वर्मा और उनके भाई अरविंद वर्मा को 22 और 30 सितंबर को व्हाट्सएप के जरिए जांच में शामिल होने का नोटिस भेजा, लेकिन आरोपी पक्ष जांच में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
