जींदः हरियाणा के जींद जिले में सफीदों के एसबीआई बैंक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति सहायता के नाम पर युवती के 1.25 रुपए लेकर फरार हो गया। दरअसल, पहले से काउंटर पर खड़े व्यक्ति ने पहले युवती के फार्म में भरा खाता नंबर बदला, फिर दूसरा फार्म भरने की सलाह देकर काउंटर पर जमा करवाए पैसे लिए। इसके बाद युवती को पासबुक देकर चुपके से वहां से निकल गया। युवती से सवा लाख की ठगी का मामला सामने आते ही बैंक में हड़कंप मच गया। जिसका सीसीटीवी भी सामने आया है। एसबीआई की शाखा से निकलकर व्यक्ति सामने पीएनबी की शाखा में जाता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इससे पहले ठगी के लिए पीएनबी बैंक में गया था, जहां बात नहीं बनने पर एसबीआई बैंक में पहुंचा। जहां अकेली युवती को देख उसे अपना शिकार बना लिया। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार गांव मुआना निवासी अमन राणा की एसबीआई बैंक शाखा में लिमिट है। तबीयत खराब होने के चलते उन्होंने 1.25 लाख रुपए देकर बेटी को बैंक में जमा करवाने भेज दिया। जब युवती बैंक में पहुंची तो पहले से एक व्यक्ति काउंटर पर खड़ा था।
जो सहायता के बहाने बैंक में जमा करवाने के लिए लाए गए युवती के 1.25 लाख रुपए लेकर निकल गया। कपड़े से मुंह ढके एक व्यक्ति बैंक के काउंटर पर खड़ा था। इसी दौरान एक युवती बैंक में प्रवेश करती है और कैश जमा करवाने के लिए काउंटर पर पहुंच जाती है। जब युवती कैश डिपोजिट का फार्म भरती है तो पहले से खड़ा व्यक्ति सहायता के बहाने उसके पास आता है। युवती से फार्म लेकर उसे गलत बताकर ठीक करने के बहाने खुद ले लेता है।
इसके बाद युवती द्वारा फार्म में भरे गए बैंक अकाउंट के नंबर में 4 की जगह 9 कर कैशियर को देता है। कैशियर नंबर डालता है तो कम्पयूटर में खाता नंबर मैच नहीं होता। इसके बाद पासबुक में मिलान करने पर भी नंबर गलत मिलता है। व्यक्ति युवती को दूसरा फार्म भरने के लिए देता है। जब युवती फार्म भरने के लिए जाती है तो व्यक्ति कैशियर से पासबुक और कैश वापस ले लेता है। इसके बाद युवती के पास जाकर पासबुक उसे देता है और पैसे जेब में डालकर चुपके से बैंक से निकल जाता है। बैंक से निकलने के बाद व्यक्ति सामने पीएनबी की शाखा में घुस जाता है। जब तक युवती अपने साथ हुई ठगी के बारे में जान पाई, तब तक आरोपी वहां से जा चुका था।
