नोएडाः सुपरनोवा बिल्डिंग में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सुपरनोवा स्थित एक एयर बीएनबी में रुका हुआ था। ऊंचाई से गिरने के कारण शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सुपरनोवा बिल्डिंग पहले भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रही है। जानकारी के मुताबिक, मृतक ने एक दिन पहले ही सुपरनोवा में कमरा बुक किया था। घटना के दौरान जब युवक ऊंचाई से कूदने की कोशिश कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक एसी मैकेनिक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे रोक नहीं सका।
बताया गया है कि घटना से पहले युवक ने एसी मैकेनिक से कहा था कि वह डिप्रेशन में है। इसके बाद युवक 43वीं मंजिल से गिर गया और उसकी मौत हो गई। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण युवक के शरीर के दो टुकड़े हो गए और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जमीन से टकराते ही हुई भीषण आवाज सुनकर आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग सहम गए।
