पंचकूलाः ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने उनका स्वागत किया और उन्हें हरियाणा की शान की पगड़ी पहनाई। धामी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने मैदान में बैट भी थामा।
तरुण भंडारी ने गेंदबाजी की और धामी ने दो शानदार शॉट लगाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमो क्रिकेट लीग के मंच से उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं। धामी ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि अनुशासन, रोजगार, स्वास्थ्य और राष्ट्र गौरव का माध्यम भी बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों के संसाधनों और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार काम किया है। इसी का परिणाम है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलने वाले खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के लिए पदक जीत रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब हमारे खिलाड़ी पदक जीतते हैं, तिरंगा लहराता है और राष्ट्रगान की धुन बजती है तो हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को मिलकर यह तय करना होगा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में लगे। युवा नशे की गिरफ्त में नहीं, बल्कि खेल के मैदान में दिखाई दें।
पंचकूला की धरती से युवाओं से अपील करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी है तो खेल की लगाएं और यदि सबसे बड़ा सपना देखना है तो भारत को दुनिया का सशक्त राष्ट्र बनाने का सपना देखें। नशा जीवन को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर देता है, परिवार को तबाह करता है और सपनों को चकनाचूर कर देता है। इसके विपरीत खेल जीवन को नई दिशा देता है।
उन्होंने कहा कि अपनी किस्मत खुद लिखिए, नशे को बढ़ावा मत दीजिए और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कीजिए। एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, एक परिवार बचेगा तो पूरा समाज मजबूत बनेगा और मजबूत समाज से देश भी मजबूत होगा। उन्होंने नमो क्रिकेट लीग के मंच से सभी को नशे को न, खेल को हां की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर संजीव सूद, मुकेश सिंगला, विनय धीर, कपिल गौड़, राकेश गर्ग बिट्टू, दीपक गर्ग, अनुराधा पुरी, मनीषा जांगड़ा, नरेश सांवरिया, मनवीर गिल, बाबी सिंह, संदीप कपूर सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
