डेराबस्सी: मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आज स्वास्थ्य कार्ड वितरण कैंप लगाया गया। इस मौके पर हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की ओर से करीब 25 हजार परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। योजना के तहत लाभार्थी परिवारों को ₹10 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने की बात कही गई है।
इस मौके पर विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने बताया कि जिन परिवारों को आज स्वास्थ्य कार्ड नहीं मिल सके, उन तक भी कार्ड पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी गांव में 400 से अधिक स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाने बाकी हैं तो वहां विशेष स्वास्थ्य कार्ड वितरण कैंप लगाए जाएंगे। संबंधित लाभार्थियों को इन कैंपों में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त करने होंगे।
इसी तरह यदि किसी गांव में 400 से कम कार्ड वितरित किए जाने बाकी हैं तो उन लाभार्थियों को डोर-टू-डोर, गांव-गांव और घर-घर जाकर स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा से वंचित न रहे।
विधायक ने लोगों से अपील की कि जिन परिवारों को अभी तक स्वास्थ्य कार्ड नहीं मिले हैं, वे चिंता न करें। उनके क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कैंप लगाए जाएंगे या स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर कार्ड वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा से पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान आर्थिक बोझ से राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाना और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना है।