किराये के कमरे से बरामद हुआ हेरोइन/चिट्टा, पुलिस ने NDPS एक्ट में दर्ज किया मामला
ऊना,सुशील पंडित: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ऊना की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस थाना अंब की टीम ने कुठेड़ा खैरला में एक किराये के कमरे की तलाशी के दौरान 18.77 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 की शाम निरीक्षक विपिन शर्मा, प्रभारी पुलिस थाना अंब के नेतृत्व में पुलिस टीम कुठेड़ा खैरला में मौजूद थी। इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर अनिल कुमार उर्फ कालू पुत्र राज कुमार निवासी बेहड़ जसवां, तहसील अंब, जिला ऊना, हाल किरायेदार कुठेड़ा खैरला के रिहायशी किराये के कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे से 18.77 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीला पदार्थ कहां से प्राप्त हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस द्वारा नशे की सप्लाई चेन के साथ-साथ इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें। यदि आसपास चिट्टा, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।