ऊना,सुशील पंडित: ग्राम पंचायत कुठियाड़ी निवासी नरेंद्र कुमार की बेटी निधि ने जेबीटी कमिशन में 75 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने आज उन्हें शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलदीप कुमार ने कहा कि निधि ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से न केवल अपने माता-पिता और परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने गांव और कुठियाड़ी ग्राम पंचायत का मान भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर यह साबित कर रही हैं। लड़कियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने निधि के परिवार को भी बधाई देते हुए कहा कि बेटी की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग, संस्कार और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निधि से भविष्य में भी इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कुलदीप कुमार ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज के हर वर्ग के बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के बच्चों और युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए। इस मौके पर निधि के पिता नरेंद्र कुमार और माता मीना देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।

