लुधियानाः जिले के गिल रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निहंग सिंहों के एक दल ने शराब के ठेके के बाहर खुले में जाम छलका रहे लोगों पर अचानक धावा बोल दिया। निहंगों ने मौके पर शराब पी रहे हुड़दंगियों को जमकर सबक सिखाया उनकी पिटाई की और बीच सड़क पर कान पकड़वाकर उठक-बैठक करवाई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक गिल हल्के के मुख्य मार्ग पर स्थित शराब के ठेके के बाहर कई लोग खुलेआम गिलास लेकर सड़क किनारे शराब पी रहे थे।
तभी निहंग सिंहों का जत्था वहां पहुंच गया। निहंगों को अचानक सामने देख शराबियों में भगदड़ मच गई। कई लोग चखना छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए,लेकिन आधा दर्जन से ज्यादा लोग हत्थे चढ़ गए। निहंगों ने पहले उनकी जमकर खबर ली और फिर सड़क किनारे लाइन में खड़ा करके उनसे उठक-बैठक लगवाई। कार्रवाई की अगुवाई कर रहे बाबा प्रगट सिंह खालसा ने दो-टूक शब्दों में कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है।
उन्होंने कहा हमने पहले ठेके वालों और यहां खड़े होने वालों से हाथ जोड़कर विनती की थी कि यह मेन रोड है,यहां खुले में शराबखोरी बंद करो। सड़क से हमारी मां-बहनें और छोटे बच्चे गुजरते हैं। नशे में धुत लोग उन पर गंदी नजरें डालते हैं और फब्तियां कसते हैं। समाज में ऐसी गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब प्यार की भाषा समझ नहीं आई,तो फिर खालसा अपने तरीके से सबक सिखाने के लिए मजबूर हुआ है।
निहंग सिंहों ने शराब ठेके के करिंदों और संचालकों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेके से डिस्पोजल गिलास और शराब देकर लोगों को सड़क पर बैठाना तुरंत बंद किया जाए। अगर आगे भी ठेके के बाहर या आसपास कोई भी व्यक्ति खुले में शराब पीता या हुड़दंग मचाता मिला तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

