ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को सट्टे की पर्चियों और नकदी सहित पकड़ा है। वहीं, नगर निगम के सफाई पर्यवेक्षक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मैहतपुर में सट्टे की पर्चियों सहित आरोपी काबू: पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने 17 अगस्त की शाम गुप्त सूचना के आधार पर भटोली में सरकारी स्कूल के पास कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी अजमेर सिंह निवासी रायपुर सहोड़ा, तहसील व जिला ऊना के कब्जे से 870 रुपये की नकदी और दड़ा-सट्टा की पर्चियां बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सफाई पर्यवेक्षक से मारपीट, धमकी देने का आरोप
पुलिस थाना सदर ऊना में विजय कुमार निवासी नीलाघाट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह नगर निगम ऊना में सफाई पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत है। 17 अगस्त को नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर वह करीब शाम 4:30 बजे ऊना-नंगल रोड पर पुराने सिनेमा हॉल के पास स्थल निरीक्षण के लिए गया था। आरोप है कि इस दौरान गणेश कुमार निवासी ऊना ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए जांच जारी रखी है।