फतेहाबादः भट्टू क्षेत्र के गांव मेहूवाला में मां और दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका सुदेश के मोबाइल फोन से मिले तीन वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुदेश ने पहले खेत में घास जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक को शिकंजी में मिलाकर अपने दोनों बच्चों ज्योति (9) और बेटे विनीत (8) को पिलाया।
12 साल पहले प्रेम विवाह… मां ने बच्चों को शिकंजी में जहर पिलाकर कुंड में डाला; फिर खुद कू दी#CrimeNews #FamilyTragedy #HaryanaNews #LatestNews pic.twitter.com/DtaR8q3kiQ
— Encounter News (@encounternews2) August 11, 2026
बच्चे शिकंजी पीने से मना भी कर रहे थे, जिसका करीब 17 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। बच्चों के बेहोश होने के बाद उन्हें घर में बने पानी के कुंड में डाल दिया गया। इसके बाद सुदेश ने खुद भी कीटनाशक पीकर कुंड में छलांग लगा दी।
पुलिस जांच में मिले दूसरे वीडियो में सुदेश अपने पति से परेशान होने और उसके द्वारा मारपीट किए जाने की बात कह रही है। वीडियो में उसने घर की पूरी जिम्मेदारी खुद उठाने और लगातार मानसिक तनाव में रहने का भी उल्लेख किया है। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी वर्कर सुदेश ही परिवार का अधिकांश खर्च वहन करती थी। पुलिस अब इन वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
मृतका के भाई प्रवीण की शिकायत पर पुलिस ने सुदेश के पति संदीप निवासी गांव मेहूवाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया कि पति की प्रताड़ना और घरेलू विवाद के चलते सुदेश ने ये कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सुदेश और संदीप ने करीब 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था।
शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना माना गया है, हालांकि शरीर में कीटनाशक की मात्रा और उसके प्रभाव की पुष्टि के लिए विसरा मधुबन स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। भट्टूकलां थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि जहर था या नहीं। जांच के दौरान मोबाइल फोन, वीडियो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा।