चंडीगढ़ः सेक्टर 38 स्थित विवेक हाई स्कूल और सेक्टर 27 स्थित भवन विद्यालय को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ई-मेल में चंडीगढ़ के स्कूलों, पुलिस थानों और पंजाब यूनिवर्सिटी में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। ई-मेल में 15 अगस्त के कार्यक्रमों में लोगों को शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई है। यह ई-मेल 11 अगस्त को सुबह करीब 7:50 बजे भेजा गया। इसमें चंडीगढ़ के स्कूलों के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी केंद्र, वाइंस चांसलर आफिस और गांधी भवन का भी जिक्र किया गया है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस टीम, बम जांच दल और डॉग स्क्वायड ने स्कूलों में पहुंचकर जांच की। ई-मेल में लोगों से कहा गया है कि वे अपने बच्चों को बचाएं और 15 अगस्त के किसी भी कार्यक्रम में शामिल न हों। इसमें घर में रहने और जान बचाने की बात कही गई है। ई-मेल में चंडीगढ़ पुलिस के थानों पर 15 अगस्त तक ग्रेनेड से हमले किए जाने की धमकी भी दी गई है। इसके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी में हिंदी और हिंदू समुदाय को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं।
स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की भी जांच की गई। पुलिस को तुरंत इस धमकी के बारे में सूचित किया गया, जिसके बाद उन्होंने एहतियात के तौर पर दोनों स्कूलों की सुरक्षा को लेकर जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा की अन्य टीमें स्कूल परिसर और आस-पास के इलाकों की तलाशी ले रही हैं। पुलिस धमकी के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। अधिकारी स्कूल प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। इस घटना के बाद छात्रों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। फिलहाल, तलाशी अभियान के दौरान दोनों स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।