जालंधर, ENS: बबरीक चौक के पास स्थित पार्क से व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के पास से कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए ACP वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिली थी कि पुलिस स्टेशन डिवीज़न नंबर 5 के इलाके में बबरीक चौक के पास पार्क से एक शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। मृतक के पास कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक चीज़ नहीं मिली।
शुरुआती जांच के दौरान, स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक काफी समय से पास के एक पार्क में रह रहा था। मृतक काफी समय से बीमार चल रहा था और वह बेरोजगार था, उसका कोई ज्ञात परिवार का सदस्य नहीं था और बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से बीमार था। शव को सुरक्षित रखने के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
