कोलकाताः अग्नि सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बंगाल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। दरअसल अल सुबह मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के होटलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मारे गए लोगों में 6 पुरुष, 2 महिला और एक बच्चा शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार होटल के ज्यादातर लोग बांग्लादेश के सीमावर्ता इलाके के रहने वाले थे और बांग्लादेश से इलाज के लिए कोलकाता आए थे। रात के तीन बजे के बाद घटनास्थल से 9 लोगों को रेस्क्यू किया गया और कलकत्ता मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके अलावा इमारत से करीब 60 लोगों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हॉस्पिटल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कम से कम दो घंटे के कौशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग लगने की यह घटना कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुई जहां तड़के करीब 2 बजे आग लग गई और तुरंत ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे।
आग के बाद उठे धुएं के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। दमकल विभाग की टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है। हालांकि, आग किस वजह से लगी यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने होटल के 2 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। हादसे के बाद 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, होटल में लगी आग की वजह एयर-कंडीशनर में विस्फोट हो सकती है, हालांकि आग लगने की सही वजह की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

