हिसारः हिसार के अर्बन एस्टेट थाने के लॉकअप में बंद हवालाती सुनील की मौत होने का मामला सामने आया है। मौत कैसे हुई इसका अभी पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि सुनील तड़के सोते समय बेचैनी होनी शुरू हो गई, जिसके वह हिलता-जुलता है और धीमी आवाज में बोलता भी है लेकिन साथ में सो रहे हवालातियों को पता ही नहीं चलता, जिसके बाद वह तड़पता हुआ हाथ पैर ऊपर उठा लेता है। जिसके बाद उसकी मौत हो जाती है।
सीसीटीवी वीडियो तड़के 3ः34 बजे की है। सुनील के साथ लॉकअप में बंद दूसरे हवालाती ने बताया था कि रात करीब ढाई बजे बाथरूम जाने के लिए उठा था। सुनील की मौत के बाद थाने में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव कुमार ने करीब एक घंटे तक मौके पर रहकर हर पहलू की जांच की। इस दौरान उन्होंने लॉकअप की बैरक, वेंटिलेशन और हवालातियों को उपलब्ध कराई जा रही पानी की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
एसएचओ विकास कुमार ने बताया कि गर्मी को देखते हवालातियों के लिए लॉकअप में कूलर लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी कूलर चलने की आवाज सुनाई दे रही है।
सुनील (30) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के सिरसा गांव का रहने वाला था। वह हिसार की मछली मार्केट में बाबा चिकन कॉर्नर चलाता था। दुकान पर अधिकतर काम उसकी पत्नी संध्या करती थी। 26 जून को सुनील ने अपनी पत्नी संध्या के साथ मारपीट की थी। संध्या ने सिविल अस्पताल जाकर एमएलआर कटवाई थी, जिसके बाद सुनील को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि जब उसका मेडिकल करवाया तो वह एकदम ठीक था। इसके बाद उसे थाने की बैरक में बंद कर दिया।
सुनील की मौत के बाद सीजेएम राजीव कुमार के सामने उसकी पत्नी संध्या ने बयान दिया कि सुनील शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वह कई महीनों से यह सब सहन कर रही थी, लेकिन 26 जून को जब सुनील ने उस पर हमला किया तो उसे अपनी जान का खतरा महसूस हुआ। संध्या ने बताया कि सुनील के पास हमेशा चिकन काटने का छुरा रहता था, जिससे उसे डर लगा रहता था कि कहीं वह उसकी हत्या न कर दे।

