जालंधर, ENS: जालंधर के मछी मार्केट इलाके में एक ऑटो चालक के साथ लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सवारी बनकर आए दो बदमाशों ने चालक को सुनसान गली में ले जाकर चाकू की नोंक पर उसका गला दबाया और मोबाइल फोन, नकदी तथा ऑटो की चाबी लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ऑटो चालक ने बताया कि दो अज्ञात युवक उसकी गाड़ी में सवारी बनकर बैठे थे। रास्ते में उन्होंने एक गली की ओर जाने को कहा। गली में पहुंचने के बाद बदमाशों ने कहा कि उनका घर यहीं है और वे कपड़े बदलकर किराया लेकर आते हैं। उन्होंने चालक से ऑटो साइड में लगाने को कहा।
चालक उनकी बातों में आ गया और ऑटो एक तरफ खड़ा कर दिया। जैसे ही ऑटो रुका, दोनों बदमाशों ने चालक पर चाकू तान दिया और उसे जबरन ऑटो से नीचे उतारकर कुछ दूरी तक ले गए। विरोध करने पर एक बदमाश ने उसका गला दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद दोनों आरोपी चालक का मोबाइल फोन, जेब में रखी नकदी और ऑटो की चाबी छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वारदात के समय घटनास्थल पर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। उसने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज भी लगाई, लेकिन कोई भी उसकी सहायता के लिए आगे नहीं आया।
लोगों के सामने ही बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। चालक के अनुसार दोनों आरोपी देखने और बोलने से स्थानीय नहीं लग रहे थे। उसने बताया कि ऑटो उसके पिता के नाम पर हाल ही में किस्तों पर खरीदा गया है। परिवार की आजीविका इसी ऑटो पर निर्भर है और घटना के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित को जांच का भरोसा दिया है। वहीं पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसका मोबाइल फोन और ऑटो की चाबी जल्द बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

