कटिहारः रेलवे जंक्शन पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, महिलाओं द्वारा खुलेआम खीरे को रंग करके हरा किया जा रहा था। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के भरोसे और सेहत, दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमतौर पर प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले ताजे फल-सब्जियां यात्रियों के लिए राहत का साधन होते हैं, लेकिन इस बार जो सामने आया, उसने हर किसी को चौंका दिया।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, कुछ महिलाएं कटिहार रेलवे जंक्शन पर बैठकर खीरे को हरे रंग में रंगती नजर आ रही हैं। ये खीरे असल में सड़े या पीले पड़ चुके थे, जिन्हें बाहर से चमकदार और ताजा दिखाने के लिए रंग या केमिकल में डुबोकर तैयार किया जा रहा था। वीडियो वायरल होने पर यूजर्स ने इस हरकत को “धीमा जहर” बताया है। कमेंट्स में लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर भी चिंता जताई है।
विशेषज्ञों की मानें तो सब्जियों पर इस तरह के सिंथेटिक रंग या केमिकल का इस्तेमाल बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे पेट से जुड़ी समस्याएं, एलर्जी, और लंबे समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं अब देखना ये होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई अमल में लाता है।
