चेन्नईः तमिलनाडु की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक महिला आईएएस अधिकारी के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप में सत्ताधारी दल तमिलगा वेत्री कझगम के विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया है। मद्रास हाईकोर्ट की सख्त फटकार के बाद हरकत में आई पुलिस ने शुक्रवार शाम विधायक को उनके आवास से हिरासत में लिया। चार घंटे से अधिक समय तक चली गहन पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें 11 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। जिसके बाद शनिवार तड़के विधायक विग्नेश को कड़ी सुरक्षा के बीच कुड्डालोर केंद्रीय कारागार की उच्च सुरक्षा वाली बैरक में दाखिल करा दिया गया।
जिला कलेक्टर के पद पर तैनात पीड़ित महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में विधायक के आचरण पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। अधिकारी का कहना है कि लगभग तीन महीने पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक विग्नेश ने उनके कपड़ों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी और उनके साथ अनुचित व्यवहार करते निजी दायरे में दखल देने का प्रयास किया था। आरोप यहीं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कलेक्टर ने बताया कि विधायक उन्हें व्हाट्सऐप के माध्यम से अश्लील संदेश भेजते थे और रात के समय उनके आधिकारिक आवास में जबरन घुसने की कोशिश भी कर चुके हैं। दूसरी ओर गिरफ्तारी से पहले और पूछताछ के दौरान विधायक सी. अरुल विग्नेश ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश करार दिया है।
पुलिस की कार्रवाई मद्रास हाईकोर्ट द्वारा राज्य सरकार की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए जाने के ठीक चार दिन बाद सामने आई है। दरअसल, एक अधिवक्ता द्वारा इस मामले में निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर दायर की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को किसी भी रसूखदार व्यक्ति को बचाने के खिलाफ सख्त चेतावनी दी थी। जिसके बाद सोमवार को अदालत को सूचित किया कि अधिकारी ने औपचारिक शिकायत नहीं दी है, लेकिन उसी दिन जिला कलेक्टर की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर कल्लाकुरिची के महिला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 75, 78, 79 और 132 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते मंगलवार को हाईकोर्ट ने तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया और पुलिस को आगामी 22 दिसंबर तक अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट अदालत में दाखिल करने का निर्देश दिया।
अदालती सख्ती के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी इस प्रकरण की जांच के लिए कदम उठाए गए है। राज्य सरकार ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम यानी पॉश एक्ट के प्रावधानों के तहत चार सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया है। इस उच्च स्तरीय समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ आईएएस अधिकारी काकरला उषा को सौंपी गई है और समिति को अगले साठ दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस संवेदनशील मामले का स्वतः संज्ञान लेते राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की थी।

