नूंहः नूंह जिले में तावडू-नूंह रोड पर दिल्ली दरबार होटल के पास देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पिता और उसके तीन बच्चे शामिल हैं, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
परिवार के मौलाना शाकिर बाइक पर पांच सदस्य बाइक पर सवार होकर अपने गांव पाड़ला शाहपुरी जा रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली दरबार होटल के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपति व बच्चे ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। मौलाना शाकिर व उनके दो बच्चों के साथ-साथ उनकी पत्नी की बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शव गृह में रखवा दिया। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।