नई दिल्लीः जम्मू की एक डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कोर्ट ने नॉर्दर्न रेलवे और यूनियन ऑफ इंडिया को एक दंपति को 63 हजार रुपए भुगतान करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने बताया कि यह रकम उस खर्च की भरपाई के लिए है जो उन्हें ट्रेन के देरी से चलने के कारण दिल्ली से गुवाहटी की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाने के कारण उठानी पड़ी थी।
आयोग ने सेवा में कमी के लिए रेलवे को जिम्मेदार ठहराया और मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए 20000 रुपए का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। शिकायतकर्ता मोहित सिंह भाऊ और उनकी पत्नी दामिनी बिलोरिया ने 19 दिसंबर, 2022 को जम्मू से दिल्ली की यात्रा के लिए दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस में टिकट बुक कराए थे। ट्रेन को 20 दिसंबर को सुबह 3:55 बजे दिल्ली पहुंचना था।
उन्होंने उसी दिन सुबह 7:15 बजे दिल्ली से गुवाहाटी जाने के लिए फ्लाइट के टिकट भी बुक किए थे। लेकिन, ट्रेन 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 7:50 बजे दिल्ली पहुंची, जिसकी वजह से उनकी फ्लाइट छूट गई। दंपति को 35,699 रुपए में फ्लाइट के नए टिकट बुक करने पड़े और होटल में रुकने के लिए 2,500 रुपए खर्च करने पड़े।
उन्होंने आयोग में शिकायत दर्ज कराई और आर्थिक नुकसान के लिए 60,000 रुपए असुविधा और मानसिक परेशानी के लिए 50,000 तथा कानूनी खर्च के तौर पर 30,000 रुपए की मांग की।
रेलवे ने तर्क दिया कि इंडियन रेलवे कांफ्रेंस एसोसिएशन कोचिंग टैरिफ के नियम 115 के तहत ट्रेन के देरी से पहुंचने के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उनके वकील ने यह भी दावा किया कि ट्रेन में देरी कोहरे की वजह से हुई थी।
अध्यक्ष पवन देव कोतवाल और सदस्य नीलम बाला भारद्वाज की बेंच ने पाया कि टिकटों और अन्य दस्तावेजों से यह साबित होता है कि ट्रेन देरी से पहुंची थी और दंपति की फ्लाइट छूट गई थी। आयोग ने गौर किया कि रेलवे तय समय के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल करने में विफल रहा और न ही उसने देरी का कारण बताने के लिए कोई सबूत पेश किया। आयोग ने कोहरे वाले तर्क को भी खारिज कर दिया।
आयोग ने कहा कि दंपति ने इस दावे पर सवाल उठाए थे और रेलवे ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर सका, जिससे यह साबित हो सके कि देरी कोहरे की वजह से हुई थी।
आयोग ने कहा कि जब तक देरी का कारण बताने वाले सबूत पेश नहीं किए जाते हैं और यह साबित नहीं हो जाता है कि देरी ऐसी वजह से हुई जो उनके नियंत्रण से बाहर थी, या देरी के पीछे कोई उचित कारण था। तब तक रेलवे ट्रेनों के देर से चलने और देरी से पहुंचने के लिए मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार है।
4 नवंबर, 2026 को सुनाए अपने अंतिम फैसले में आयोग ने शिकायत स्वीकार की और रेलवे को भुगतान करने का निर्देश दिया। रेलवे को दंपति को नए फ्लाइट टिकट और होटल खर्च के लिए 38,199 रुपए 13 फरवरी 2023 से वसूली तक 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ देना होगा। मानसिक परेशानी और परेशानी के लिए 20,000 रुपये का मुआवजा और मुकदमे के खर्च के लिए 5000 रुपए देने का आदेश दिया। ऑर्डर मिलने के छह हफ्ते के अंदर अमाउंट जमा करने का निर्देश दिया गया।

