हापुड़: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा कार्तिक मेले के खच्चर बाजार में 30 महीने का नुकरा नस्ल का घोड़ा आकर्षण का केंद्र है। जहां घोड़े के प्रदर्शन के बाद एक खरीदार द्वारा ₹71 लाख की बोली लगाए जाने की बात सामने आई है। लेकिन मालिक ने घोड़ा बेचने से साफ इनकार कर दिया। दरअसल, घोड़े की कीमत 71 लाख रुपये मिलने के बावजूद मालिक नीटू चौधरी ने इसे बेचने से इनकार कर दिया है। बड़ी संख्या में शौकीन लोग इस घोड़े को देखने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मेले में घोड़े की चाल, कद-काठी और चमकदार सफेद रंग देखकर लोग काफी प्रभावित हुए।
प्रदर्शन के दौरान एक खरीदार ने घोड़े को खरीदने के लिए ₹71 लाख की बोली लगा दी। इस पर मालिक नीटू चौधरी ने मुस्कुराते हुए कहा – “नॉट फॉर सेल”। यह घोड़ा नुकरा नस्ल का है। मालिक नीटू चौधरी का कहना है कि मेले में आयोजित एक कार्यक्रम में घोड़े ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद एक घोड़े के शौकीन ने उसकी कीमत 71 लाख रुपये लगाई गई। इतनी कम उम्र में घोड़े की इतनी बड़ी कीमत लगने से वह मेले में चर्चा का विषय बन गया है।
उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। नीटू चौधरी के लिए यह घोड़ा उनके बेटे की तरह है। गढ़मुक्तेश्वर का खच्चर मेला घोड़ों और खच्चरों की खरीद-बिक्री के लिए काफी प्रसिद्ध है। यहां देशभर से पशुपालक और घोड़े के शौकीन पहुंचते हैं। अलग-अलग नस्लों के घोड़े बिक्री के लिए लाए जाते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध गंगा कार्तिक मेले में इस बार भी पशुओं का बाजार आकर्षण बना हुआ है। बता दें कि गढ़मुक्तेश्वर के खादर इलाके में गंगा कार्तिक मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। सैकड़ों एकड़ में तंबुओं का शहर बस गया है।
मेले की सुरक्षा के लिए 26 थाने और 5 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। करीब ढाई हजार कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर के मुताबिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों पर गोताखोर, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग चेंजिंग रूम बनाए गए हैं।

