चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क एवं परिवहन ढांचे को लगातार मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुगम बनाना, जाम की समस्या को कम करना और आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इसी उद्देश्य के तहत रोहतक के जींद बाईपास चौक पर एप्रोच सहित फ्लाईओवर के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) द्वारा प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 91.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना को एनसीआरपीबी ऋण सहायता योजना के तहत एचएसआरडीसी द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। गंगवा ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शहरों और मार्गों की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर सड़क सुविधा के साथ-साथ सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध हो।