रूपनगर: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो के एक चालक के साथ पंजाब में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस में सफर कर रही कुछ सवारियों ने चालक के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित चालक का आरोप है कि वह जब अपनी शिकायत लेकर पंजाब के घनौली थाने पहुंचा और पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की, तो कथित तौर पर उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में भारी रोष फैल गया। मामले की जानकारी देते हुए उप प्रधान नवीन ठाकुर ने कहाकि देर रात उनकी गाड़ी देर रात 10.30 बजे हमीरपुर से वृंदावन जा रही थी। इस दौरान फ्रेंड्स ढाबे पर यू-टर्न लेने के दौरान ट्राली चालकों ने उनके चालक से मारपीट की।
इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए बस को पलटाने की धमकी दी गई। आरोप है कि जब चालकों के साथ सवारियों ने घनौली थाने में शिकायत दी गई, तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शिकायत दर्ज न होने से नाराज लोगों ने थाने में ही पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान ‘पंजाब पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान एक सरकारी परिवहन कर्मचारी के साथ मारपीट होना गंभीर मामला है। ऐसे में पीड़ित की शिकायत पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन उसे न्याय के लिए पुलिस थाने में भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
लोगों ने मांग उठाई कि चालक की शिकायत पर तत्काल FIR दर्ज की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। घटना ने ड्यूटी पर तैनात परिवहन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बस चालकों और परिचालकों को यात्रियों की सेवा के दौरान सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। किसी कर्मचारी के साथ मारपीट और फिर उसकी शिकायत दर्ज न होने के आरोप बेहद गंभीर हैं। अब देखना होगा कि पंजाब पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

